छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के बमीठा थाना अंतर्गत ग्राम गंज में स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वैवाहिक रस्मों के दौरान अचानक गोली चल गई। इस हादसे में बारात में आए एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल की स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।


शादी की खुशियों में अचानक पसरा सन्नाटा


जानकारी के अनुसार, ग्राम कड़वा से पटेल परिवार की बारात गंज स्थित मैरिज गार्डन आई हुई थी। विवाह की रस्में पूरे उत्साह के साथ निभाई जा रही थीं और मेहमान जश्न में डूबे थे। इसी बीच अचानक गोली चलने की गूंज सुनाई दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक बारात में शामिल बुजुर्ग दरबारी पटेल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मंगल गीतों की जगह चीख-पुकार ने ले ली।


हादसा या साजिश: जांच में जुटी पुलिस


घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही जिला अस्पताल जाकर घायल बुजुर्ग के बयान दर्ज किए हैं। थाना प्रभारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई रंजिश थी। पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है और बयानों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की तैयारी में है।


इलाज के लिए ग्वालियर रेफर


घायल दरबारी पटेल को आनन-फानन में छतरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक सहायता प्रदान की। हालांकि, घाव गहरा होने और स्थिति में सुधार न होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मैरिज गार्डन में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है ताकि गोली चलाने वाले की पहचान हो सके।