पन्ना। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड में एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने गया एक नर्सिंग का छात्र गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुँच गई है और रेस्क्यू (बचाव) टीम द्वारा छात्र की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

​मिली जानकारी के अनुसार, डूबा हुआ छात्र सतना में नर्सिंग की पढ़ाई करता था। वह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए पन्ना के बृहस्पति कुंड आया हुआ था। मस्ती और नहाने के दौरान छात्र उस क्षेत्र में चला गया जहाँ प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों से जाना प्रतिबंधित किया गया था। गहरे पानी का अंदाजा न होने के कारण वह अचानक डूबने लगा और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।

​यह पूरी घटना बृजपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया है और गोताखोरों की मदद से छात्र को ढूंढने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस हादसे के बाद से छात्र के दोस्तों और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।