भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भोपाल, ग्वालियर समेत 45 जिलों में आंधी-बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के बीचोंबीच सक्रिय टर्फ लाइन और पश्चिम-उत्तर हिस्से में बने चक्रवाती सिस्टम के कारण मौसम अस्थिर बना हुआ है। सतना, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर और सिवनी समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। वहीं, शुक्रवार रात बिजली गिरने से सिवनी और रीवा में चार लोगों की मौत हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, दमोह और कटनी में ओले गिरने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। आंधी की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 20 जिलों में आंधी-बारिश का असर देखा गया, जिसमें कई जगह फसलों को नुकसान भी हुआ है। बैतूल और पन्ना में ओले गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि 7 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे 10 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से भीषण गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा।

