छतरपुर,संतोष शिवहर । छतरपुर जिले के भगवा थाना क्षेत्र की घुवारा चौकी अंतर्गत रहने वाले एक युवक ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने और राजीनामा करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत आवेदन देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार घुवारा चौकी क्षेत्र के निवासी पहलवान राय का आरोप है कि कुछ लोग लगातार उनके घर पहुंचकर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों द्वारा उन्हें खेत में खड़ी फसल काटने से भी रोका जा रहा है।
पीड़ित पहलवान राय ने बताया कि इस मामले को लेकर वह पहले भी थाना पहुंच चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले से ही केस दर्ज है और चार आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी गवाहों के घर जाकर उन्हें भी धमका रहे हैं। इस संबंध में धमकी का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फिलहाल पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



