इटली/फ्रांस। श्री मतंगेश्वर सेवा समिति, खजुराहो एवं दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के प्रमुख पंडित सुधीर शर्मा के संयोजन में विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर इटली में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय एवं भारतीय वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों, श्रीकृष्ण भक्तों, ओशो प्रेमियों तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों का श्रीफल एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। समारोह में उपस्थित सभी वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भारतीय संस्कृति के पारिवारिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।

अपने उद्बोधन में पंडित शर्मा ने कहा, "वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। भारतीय संस्कृति में माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा को सर्वोच्च धर्म माना गया है। आज बढ़ते वृद्धाश्रम इस बात का संकेत हैं कि हमें अपने पारिवारिक मूल्यों पर पुनः गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। यदि परिवारों में प्रेम, सम्मान, संवाद और अपनापन बना रहे, तो अधिकांश बुजुर्ग अपने ही घर में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकते हैं। हमारा लक्ष्य ऐसा समाज बनाना होना चाहिए जहाँ वृद्धाश्रम मजबूरी की नहीं, बल्कि अपवाद की स्थिति हों। अपने माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा ही सच्ची पूजा और भारतीय संस्कृति की पहचान है।"

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के पारिवारिक संस्कारों और मानवीय मूल्यों का संदेश विश्वभर में पहुँचाना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में अरिकेश जोशी, समीर शर्मा, आशिफ खान एवं रफीक खान का विशेष सहयोग रहा। समारोह का समापन सभी वरिष्ठजनों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं विश्व शांति की मंगलकामना के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने इस आयोजन को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और वरिष्ठजनों के सम्मान को समर्पित एक प्रेरणादायी पहल बताया।