श्योपुर, उत्तम मीना। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के श्योपुर दौरे के दौरान हेलीपेड पर अव्यवस्था का बड़ा मामला सामने आया है। जैसे ही उनका हेलीकॉप्टर हेलीपेड पर उतरा, वहां भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया और पूरा क्षेत्र अफरा-तफरी में तब्दील हो गया।
इसी अव्यवस्था के बीच नगरपालिका अध्यक्ष रेणु सुजीत गर्ग के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और अमानवीय व्यवहार किए जाने की घटना सामने आई है। अचानक हुई इस घटना से आहत होकर नपा अध्यक्ष मौके पर ही फूट-फूटकर रोने लगीं। उनका यह भावुक दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया और माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। घटना के समय मौजूद उनके पति सुजीत गर्ग ने पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी संख्या में भीड़ के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, जिसके चलते एक जनप्रतिनिधि तक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पाई।
इस पूरे घटनाक्रम ने हेलीपेड पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

