जैन मंदिर ट्रस्ट चुनाव की मतगणना के दौरान भिड़े दो पक्ष; जमकर चले लात-घूंसे

Advertisement
बीना (सागर)। बीना नगर के इटावा स्थित जैन मंदिर में जैन समाज ट्रस्ट के चुनाव की मतगणना के दौरान सोमवार को जमकर हंगामा और विवाद हुआ। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद चुनावी गहमागहमी के बीच दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। नौबत गाली-गलौज से शुरू होकर लात-घूंसों तक पहुँच गई, जिसके बाद मौके पर तैनात पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
मतगणना की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही जैन मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में प्रत्याशी, उनके समर्थक और जैन समाज के लोगों की भारी भीड़ जमा थी। पहले राउंड की मतगणना के बाद जैसे ही शरद सिंघई (जिनके भाई चुनाव लड़ रहे हैं) मंदिर परिसर से बाहर निकले, वहां मौजूद रजनीश जैन के साथ उनकी किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई।
घटना के वक्त चुनावी ड्यूटी में मंदिर के भीतर और आसपास पुलिस के जवान तैनात थे। जैसे ही मारपीट और शोर-शराबे की सूचना मिली, पुलिसकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुँचकर बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। पुलिस की सख्ती के बाद हंगामा तो रुक गया, लेकिन मतगणना स्थल के बाहर तनाव की स्थिति बनी रही।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है ताकि मतगणना की प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारू रूप से पूरी की जा सके। फिलहाल मौके पर अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है और पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर नजर रख रहा है।


