कटनी,सुमित पाण्डेय। जिले के कुठला थाना क्षेत्र के कन्हवारा गांव में अवैध खनन का विरोध करना एक आदिवासी परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि वन विभाग की जमीन पर हो रहे मुरूम, बॉक्साइट और आयरन ओर के अवैध उत्खनन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने से नाराज खनन माफियाओं ने आधी रात आदिवासी परिवार के घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट कर दी।
पीड़ित सुखदेव प्रसाद कोल ने बताया कि उन्होंने वन विभाग की जमीन पर हो रही खुदाई की शिकायत वन विभाग से की थी। इसी रंजिश के चलते 14 और 15 मार्च की दरमियानी रात करीब 2 बजे आधा दर्जन वाहनों में सवार होकर आए आरोपियों ने गांव में धावा बोल दिया और उनके घर में घुसकर परिवार के पुरुषों व महिलाओं के साथ मारपीट की।
पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां देते हुए हमला किया। मारपीट के दौरान घर में मौजूद दो माह की गर्भवती महिला को भी नहीं बख्शा गया और उसे जमीन पर पटक दिया गया। केशकली कोल ने बताया कि जब उन्होंने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो दबंगों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा। घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है।
परिवार का आरोप है कि हमलावर दीपक परिहार, लखन साहू और कुलदीप त्रिपाठी सहित अन्य लोगों को सत्ता पक्ष के कुछ प्रभावशाली नेताओं और अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है।
वहीं इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डहरिया ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर मारपीट और बलवा की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज नहीं किया गया है।

