देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। समीक्षा बैठक के दौरान लगातार मिल रही शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए एक पंचायत सचिव और एक पटवारी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, कन्नौद विकासखंड की ग्राम पंचायत खरिया में आधार कार्ड अपडेट का मामला एक साल से अधिक समय से लंबित पाया गया। शिकायत की जांच के बाद कलेक्टर ने सचिव छोटेलाल चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं जनपद स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर प्रभारी जनपद सीईओ दीपक मुजाल्दे की एक वेतन वृद्धि रोकने के आदेश भी दिए गए।
इसी तरह बागली के उदयनगर क्षेत्र में जमीन सीमांकन की शिकायत लंबे समय से लंबित रहने और कार्य में लापरवाही पाए जाने पर पटवारी पूनमचंद देवड़ा को भी निलंबित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

