स्कूलों के औचक निरीक्षण में खुली पोल, लापरवाह कर्मचारियों पर गिरी कार्रवाई की गाज

Advertisement
छतरपुर,सुबोध त्रिपाठी। छतरपुर जिले में स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने सख्त रुख अपनाया है। स्कूलों के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एक प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दूसरे के खिलाफ निलंबन का प्रस्ताव भेजा गया है।

छतरपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) नमः शिवाय अरजरिया द्वारा शासकीय स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान शासकीय प्राथमिक शाला चौकीपुरवा में निरीक्षण के समय सभी बच्चे अनुपस्थित पाए गए। स्कूल में प्रभारी प्रधानाध्यापक धनीराम प्रजापति अकेले बैठे मिले। वहीं विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन में भी गंभीर कमियां पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान यह स्थिति सामने आने के बाद जिला पंचायत सीईओ ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने प्राथमिक शाला चौकीपुरवा के प्रभारी प्रधानाध्यापक धनीराम प्रजापति को निलंबित कर दिया है।
इसके बाद सीईओ ने शासकीय माध्यमिक शाला कलानी का भी निरीक्षण किया। यहां निरीक्षण के समय यह पाया गया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक राखी भारती ने हाफ टाइम में ही विद्यालय की छुट्टी कर दी थी। छात्र मध्यान्ह भोजन करने के बाद घर जा चुके थे, जिससे विद्यालय में पढ़ाई प्रभावित होती पाई गई।
इस मामले को गंभीर मानते हुए जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके तहत जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा माध्यमिक शाला कलानी की प्रभारी प्रधानाध्यापक राखी भारती के खिलाफ निलंबन का प्रस्ताव तैयार कर सीईओ के माध्यम से संयुक्त संचालक लोक शिक्षा, सागर को भेज दिया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि शासकीय स्कूलों में लापरवाही और अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे


