छतरपुर। शिक्षा और संस्कार का केंद्र माने जाने वाला शासकीय संदीपनी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ईशानगर एक बार फिर विवादों के चलते सुर्खियों में है। विद्यालय में पदस्थ व्यावसायिक प्रशिक्षक (हेल्थ केयर) रजिया बानो ने अपने सहकर्मी एवं पूर्व प्रभारी प्राचार्य खिलाड़ी लाल राय के खिलाफ ईशानगर थाने में लिखित शिकायत देकर अभद्र व्यवहार, अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला प्रशिक्षक का कहना है कि 28 जुलाई 2026 को विद्यालय परिसर में उनके साथ यह घटना हुई, जिससे उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रति विद्यालय के प्राचार्य को भी सौंपी गई है।
विद्यालय पहले भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। शिक्षकों की कथित अनियमितता, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने और इन मुद्दों पर खबर प्रकाशित होने के बाद पत्रकार के खिलाफ शिकायत किए जाने का मामला सामने आया था। इसके अलावा नवागत प्राचार्य बसंत लाल प्रजापति के कार्यभार संभालने के बाद पूरे स्टाफ ने संयुक्त रूप से संयुक्त संचालक (जेडी) सागर और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) छतरपुर को उनके खिलाफ शिकायत भी भेजी थी। लगातार सामने आ रहे विवादों से विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और आपसी समन्वय पर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि महिला प्रशिक्षक द्वारा लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ईशानगर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और शिक्षा विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल विद्यालय में लगातार उभर रहे विवाद शिक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे रहे हैं।




