Tuesday, February 24, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशइंदौरआसमान से ट्रैफिक पर सख्त पहरा, चौराहों और बाजारों में डिजिटल पेट्रोलिंग शुरू

आसमान से ट्रैफिक पर सख्त पहरा, चौराहों और बाजारों में डिजिटल पेट्रोलिंग शुरू

Post Media
News Logo
PeptechTime
23 फ़रवरी 2026, 10:55 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

इंदौर। इंदौर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने तकनीक का सहारा लेते हुए अब आसमान से निगरानी शुरू कर दी है। चौराहों, प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। सिग्नल तोड़ने, लेफ्ट टर्न बाधित करने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने, नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने और सड़क पर भीड़ लगाकर आवागमन बाधित करने वालों को चिन्हित कर अब तक 111 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।


इंदौर में गुरुवार से ट्रैफिक पुलिस ने हाई रेजोल्यूशन ड्रोन कैमरों के माध्यम से डिजिटल पेट्रोलिंग की शुरुआत की है। ड्रोन से मिलने वाली लाइव वीडियो फीड ट्रैफिक कंट्रोल रूम में लगी एलईडी स्क्रीन पर देखी जाती है। इस प्रक्रिया में दो टीमें कार्यरत रहती हैं। पहली टीम कंट्रोल रूम में बैठकर ड्रोन की लाइव मॉनिटरिंग करती है, जबकि दूसरी टीम मैदान में तैनात रहती है। जैसे ही किसी वाहन चालक द्वारा नियमों का उल्लंघन करते हुए देखा जाता है, कंट्रोल रूम से वायरलेस सेट के जरिए मौके पर मौजूद टीम को सूचना दी जाती है और संबंधित चालक को रोककर तत्काल कार्रवाई की जाती है।


ड्रोन पेट्रोलिंग के तहत पलासिया, गीता भवन चौराहा, इंद्रप्रस्थ चौराहा, इंडस्ट्री हाउस, आनंद बाजार और रीगल चौराहा सहित आसपास के प्रमुख मार्गों पर लगातार नजर रखी जा रही है। बाजार क्षेत्रों में दुकानों के बाहर भीड़ लगाकर ट्रैफिक बाधित करने वालों पर भी सख्ती बरती जा रही है। हाई रेजोल्यूशन कैमरों से स्पष्ट और साफ वीडियो मिलने के कारण पहचान और कार्रवाई में तेजी आई है।


डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ड्रोन पेट्रोलिंग से जाम की स्थिति को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने, दुर्घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने और रात के समय भी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है। ट्रैफिक ड्यूटी समाप्त होने के बाद इन ड्रोन का उपयोग थानों के शेडो एरिया और संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग के लिए भी किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इस पहल से ट्रैफिक नियमों के पालन में सुधार आएगा और शहर में यातायात व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)