ग्लासगो। भारतीय भारोत्तोलन महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष सहदेव यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के वेटलिफ्टिंग प्रदर्शन पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मारीबाई चानू के स्वर्ण पदक जीतने पर उनकी प्रशंसा की। हालांकि, मुथुपंडी राजा के प्रदर्शन पर वे नाखुश दिखे।
डब्ल्यूएफआई प्रमुख सहदेव यादव ने मीराबाई की तारीफ की कि उन्होंने लंबे समय के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए संयमित तरीके से प्रदर्शन किया। मीराबाई ने अपना चौथा कॉमनवेल्थ गेम्स मेडल जीता। इससे पहले उन्होंने ग्लासगो 2014 में 48 किग्रा कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता था। इसके अलावा गोल्ड कोस्ट 2018 और बर्मिंघम 2022 में स्वर्ण पदक जीते थे।
ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में रविवार को मीराबाई ने कुल 190 किग्रा (85 किग्रा स्नैच + 105 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाया। उन्होंने स्नैच, क्लीन एंड जर्क और कुल वजन, तीनों वर्ग में गेम्स का रिकॉर्ड तोड़ा।
सहदेव यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "जहां तक मीराबाई की बात है, उन्होंने बिना खुद पर अधिक जोर डाले शानदार प्रदर्शन किया, क्योंकि हम उन्हें आने वाले एशियाई खेलों में 1 किलोग्राम अधिक वजन वाले वर्ग के लिए खास रणनीति के साथ तैयार कर रहे हैं।"
वहीं, मुथुपंडी राजा ने पुरुषों के 65 किग्रा इवेंट में कुल 286 किग्रा (126 किग्रा + 160 किग्रा) वजन उठाकर रजत पदक जीता। उन्होंने 125 किग्रा स्नैच के साथ शुरुआत की और फिर अपनी दूसरी कोशिश में इसे बेहतर करते हुए 126 किग्रा वजन उठाया। राजा अपनी आखिरी कोशिश में 129 किग्रा वजन नहीं उठा पाए। क्लीन एंड जर्क में, उन्होंने 158 किग्रा और 160 किग्रा वजन सफलतापूर्वक उठाया, लेकिन आखिरी कोशिश में 170 किग्रा उठाने में नाकाम रहे।
इस पर सहदेव यादव ने कहा, "मैं राजा के प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हूं। पहले 172 किग्रा वजन उठाने के बाद अगर उनकी कोशिशें सफल रहतीं, तो वह स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को कड़ी टक्कर दे सकते थे। इस स्तर पर, एक भी असफल लिफ्ट से बहुत बड़ा अंतर आ जाता है।"
उन्होंने आगे कहा कि राजा की उम्र को देखते हुए फेडरेशन अब वेटलिफ्टर्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने पर ध्यान दे रहा है।
इससे पहले, ऋषिकंत सिंह ने पुरुषों के 60 किग्रा इवेंट में सिल्वर मेडल जीतकर भारत के वेटलिफ्टिंग अभियान की शुरुआत की। मणिपुर के 28 वर्षीय वेटलिफ्टर ने कुल 264 किग्रा (121 किग्रा + 143 किग्रा) वजन उठाया, जो 11 वेटलिफ्टर्स के बीच दूसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन था।
ऋषिकंत के बारे में बात करते हुए डब्ल्यूएफआई प्रमुख ने कहा, "ऋषिकंत का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा। हालांकि, उनके प्रदर्शन में थोड़ी कमी रह गई, जो लिफ्ट मंजूर होनी चाहिए थी, वह सफल नहीं हो पाई, जिससे पदक का रंग बदल गया। पुरुषों के वर्ग में हम दोनों गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए।"
सोमवार को भारत पुरुषों के 71 किग्रा, महिलाओं के 53 किग्रा और महिलाओं के 58 किग्रा इवेंट में मेडल जीतने की कोशिश करेगा। सहदेव यादव ने उम्मीद जताई कि भारत एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतेगा।




