सतना, अंबिका केशरी। सतना शहर के जवाहर नगर स्थित वन स्टॉप सेंटर से रविवार देर रात तीन नाबालिग बालिकाएं खिड़की तोड़कर फरार हो गईं। घटना की जानकारी सोमवार सुबह सामने आते ही केंद्र प्रबंधन में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर बालिकाओं की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के आदेश पर अस्थायी रूप से वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। इनमें से एक बालिका उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली है, जबकि अन्य दो सतना जिले के पौराणिक टोला और रामपुर बघेलान क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि बालिकाएं जिस डोरमेट्री में ठहरी थीं, वहां की पीछे की खिड़की को तोड़कर एक-एक कर बाहर निकलीं और परिसर से फरार हो गईं। केंद्र में सीसीटीवी कैमरे और मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद, पीछे की ओर स्थित सीएम राइज स्कूल मैदान की दिशा से भागने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही केंद्र की अधीक्षिका नीता श्रीवास्तव ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विभिन्न टीमों का गठन किया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस द्वारा बालिकाओं के परिजनों और परिचितों से संपर्क कर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि तीनों बालिकाएं पहले भी घर से भागने के मामलों में पुलिस द्वारा दस्तयाब कर यहां रखी गई थीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए जल्द से जल्द बालिकाओं को सुरक्षित बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।

