सतना, अंबिका केशरी। उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा की कार्यप्रणाली और कथित दुर्व्यवहार को लेकर भीम आर्मी ने शुक्रवार को बड़ा प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली सिविल लाइन चौपाटी से शुरू होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में नीले झंडे और बैनर थे, जिनमें थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।


प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उचेहरा थाना प्रभारी का व्यवहार आम जनता और दलित वर्ग के प्रति पक्षपातपूर्ण है तथा पीड़ितों की शिकायतों को नजरअंदाज किया जाता है। एसपी कार्यालय पहुंचकर भीम आर्मी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि थाना प्रभारी को तत्काल हटाकर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर जिलेभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।