सतना,अंबिका केशरी। रीवा में कलश यात्रा के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां वीडियो शूट कर रहे कैमरामैन को गोली लग गई। हैरानी की बात यह है कि गोली चलाने वाला साधु और उसके साथी वीडियो में साफ नजर आ रहे हैं, लेकिन घटना के चार दिन बाद भी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


मामला समान थाना क्षेत्र के गुलाब नगर का है, जहां 19 मार्च को चैत्र नवरात्र के अवसर पर कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान काला चश्मा, सफेद पगड़ी और भगवा कपड़े पहने एक साधु जुलूस में शामिल हुआ, जिसके साथ चार गनमैन भी मौजूद थे।वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक गनमैन साधु को बंदूक लोड कर देता है, जिसके बाद साधु हवा में फायरिंग करता है। बताया जा रहा है कि उसने कई राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली वीडियो बना रहे पवन सिंह के पैर में जा लगी।


घायल कैमरामैन को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने मौके से कैमरा और मेमोरी कार्ड जब्त कर लिया है। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि वीडियो में आरोपियों की पहचान स्पष्ट होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।

राजीव पाठक, सीएसपी
“घटना की जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी