रफ्तार का कहर: कटनी में बेकाबू कार दुकानों में घुसी, पांच घायल

Advertisement
कटनी (सुमित पांडे)। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत सिल्वर टॉकीज मोड़ पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार ने जमकर उत्पात मचाया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित चार दुकानों को रौंदते हुए अंदर जा घुसी। इस भीषण दुर्घटना में दुकानों के पास मौजूद 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार की भयावह रफ्तार साफ देखी जा सकती है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकानों के सामने का हिस्सा और शटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहर में प्रभावी 'वन-वे' व्यवस्था लागू न होने के कारण वाहनों की आवाजाही अनियंत्रित रहती है, जो इस हादसे का मुख्य कारण बनी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और घेराबंदी कर कार सवार चालक को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चला रहा था।


