सोल। दक्षिण कोरिया की रूलिंग डेमोक्रेटिक पार्टी (डीपी) के नए नेता किम मिन-सियोक ने गुरुवार को पार्टी के भीतर मौजूद गुटबाजी को कम करने और एकता को बढ़ावा देने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए। इसी कड़ी में उन्होंने कई प्रमुख उदारवादी नेताओं को श्रद्धांजलि दी ताकि पार्टी को एकजुट किया जा सके।

किम मिन-सियोक ने दिन की शुरुआत में मध्य दक्षिण कोरिया के सेजोंग शहर में पूर्व प्रधानमंत्री ली हे-चान की समाधि पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे ग्योंगगी प्रांत गए जहां उन्होंने दिवंगत लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता और बाद में राजनेता बने किम ग्यून-ताए को श्रद्धांजलि दी।

ली को श्रद्धांजलि देने के बाद किम ने पत्रकारों से कहा, "हम सिर्फ एक संसदीय चुनाव जीतने तक सीमित नहीं रहना चाहते बल्कि आने वाले समय में लगातार डेमोक्रेटिक पार्टी की सरकारें बनें, इसके लिए मजबूत आधार तैयार करेंगे। हमारा लक्ष्य अगले 20 से 30 वर्षों का स्वर्णिम दौर बनाना है। हम पूर्व प्रधानमंत्री ली की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।"

किम का यह कदम ऐसे समय में आया है जब पार्टी नेतृत्व के चुनाव के दौरान सामने आए मतभेद अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। ये मतभेद राष्ट्रपति ली जे-म्युंग के समर्थकों और पार्टी के पूर्व नेता जंग चुंग-रे के समर्थकों के बीच देखे गए थे।

योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता पद के लिए लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ने वाले सांसद जंग चुंग-रे को कुछ प्रो-ली सदस्यों की आलोचना का सामना करना पड़ा था। उनका कहना था कि जंग पार्टी के कट्टर समर्थकों को खुश करने पर ज्यादा ध्यान देते हैं जबकि महत्वपूर्ण मुद्दों पर राष्ट्रपति के साथ करीबी तालमेल कम रखते हैं।

पद संभालने के बाद से ही किम मिन-सोक इन आंतरिक मतभेदों को पीछे छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति किम डे-जुंग को श्रद्धांजलि दी थी। इसके अगले दिन उन्होंने दक्षिण ग्योंगसांग प्रांत में पूर्व राष्ट्रपति रोह मू-ह्यून की समाधि पर जाकर सम्मान व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने दक्षिण-पूर्वी शहर यांगसान में पूर्व राष्ट्रपति मून जे-इन से मुलाकात की, जहां उन्होंने पार्टी के अंदर के घाव भरने और एकता कायम करने का वादा किया।

बाद में उसी दिन उन्होंने राष्ट्रपति ली जे-म्युंग की ओर से आयोजित एक रात्रिभोज में भी हिस्सा लिया जिसमें उनके पूर्व नेतृत्व प्रतिद्वंद्वी जंग चुंग-रे और सॉन्ग यंग-गिल भी शामिल हुए।