उमरिया, तपस गुप्ता। जिले के बिरसिंहपुर पाली में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माता बिरासिनी मंदिर ट्रस्ट की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। सोमवार को एसडीएम मीनाक्षी बंजारे के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता में प्रशासन की सख्ती की सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में मिथिला अग्रवाल द्वारा मंदिर ट्रस्ट को एक बड़ा हालनुमा भूखंड दान किया गया था। इस महत्वपूर्ण जमीन पर वार्ड क्रमांक 8 निवासी रवींद्र मोटवानी पिछले करीब पांच वर्षों से अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए था और उसे दुकान के गोदाम के रूप में उपयोग कर रहा था। प्रशासन द्वारा पूर्व में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कब्जा नहीं हटाए जाने पर सोमवार को टीम मौके पर पहुंची और सख्त कार्रवाई करते हुए परिसर को खाली कराया। इस दौरान गोदाम में रखा भारी मात्रा में सामान भी जब्त कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि एसडीएम मीनाक्षी बंजारे बीते कुछ दिनों से लगातार एक्शन मोड में हैं। इससे पहले भी उन्होंने मंदिर ट्रस्ट की दुकानों पर वर्षों से किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुकानों को सील किया था। इस सख्ती का असर यह हुआ कि मात्र दो दिनों के भीतर करीब 12 लाख रुपये की वसूली प्रशासन द्वारा की गई।
इसके अलावा मंदिर परिसर में निर्धारित सीमा से बाहर दुकान लगाने वाले व्यापारियों पर भी कार्रवाई की गई और उनकी दुकानें सील की गईं। प्रशासन का यह अभियान यहीं नहीं रुकने वाला है। हाल ही में पाली नगर के व्यस्त प्रकाश चौराहा से बस स्टैंड और थाना रोड तक लेआउट कर अतिक्रमण चिन्हित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में यहां भी बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जहां अतिक्रमणकारियों में डर का माहौल है, वहीं आम नागरिक प्रशासन की सक्रियता और सख्ती की खुलकर सराहना कर रहे हैं।

