Thursday, February 26, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
देशजम्मू एवं कश्मीररविवार को उत्तर भारत में ठंड ने दिखाया अपना विकराल रूप...!

रविवार को उत्तर भारत में ठंड ने दिखाया अपना विकराल रूप...!

Post Media

File Photo

News Logo
PeptechTime
22 दिसंबर 2025, 07:56 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

नई दिल्ली, (ईएमएस)। उत्तर भारत में रविवार को ठंड ने अपना विकराल रूप दिखाया। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के साथ घना कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों की जिंदगी ठिठुर गई। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान गिरा, जबकि कोहरे ने दृश्यता को बुरी तरह प्रभावित किया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे राहत के आसार नहीं हैं।


दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा। पालम में शनिवार रात 10 बजे से रविवार दोपहर तक दृश्यता 300 मीटर तक गिर गई। सफदरजंग में रात 1:30 से 2:30 बजे के बीच दृश्यता 200 मीटर तक पहुंच गई। सुबह तक यह 500 मीटर तक बढ़ी, लेकिन पूर्व-दक्षिणपूर्वी हवाओं ने फिर से इसे 350 मीटर तक गिरा दिया। दिल्ली हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के कारण 97 उड़ानें रद्द हुईं और 200 से अधिक विलंबित रहीं। आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था, जबकि अधिकतम 18.1 डिग्री रहा।


कश्मीर में चिल्ला-ए-कलां की शुरुआत

कश्मीर में 40 दिन की सबसे कठोर शीत अवधि चिल्ला-ए-कलां की शुरुआत हुई। ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश ने लंबे शुष्क दौर को समाप्त किया। गुलमर्ग में दो इंच, सोनमर्ग में जारी बर्फबारी और साधना टॉप पर छह इंच बर्फ जमा हुई। श्रीनगर और घाटी के अन्य हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हुई। यह बारिश स्थानीय लोगों के लिए शुभ मानी जा रही है, क्योंकि पिछले साल शुष्क सर्दी से पर्यटन और कृषि प्रभावित हुई थी। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री नीचे रहा, जबकि अन्य जगहों पर 2.5 से 3.8 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।


पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में ठंड

पंजाब और हरियाणा में भीषण ठंड बनी रही। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा रहा जहां पारा 5.2 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। पंजाब में गुरदासपुर में 6.8 डिग्री दर्ज हुआ। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा। दोनों राज्यों में घना कोहरा छाया, जिससे दृश्यता कम हो गई। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 दिसंबर तक घने कोहरे का अनुमान जताया है।


राजस्थान में तापमान में हल्की बढ़ोतरी

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सीकर में 9 डिग्री, चूरू में 9.2 डिग्री और जयपुर में 12.8 डिग्री रहा। हालांकि, 24 दिसंबर से तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट और उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है।


हिमाचल और झारखंड में अलर्ट

हिमाचल के किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा में मध्यम से भारी बर्फबारी का अनुमान है। झारखंड में ठंड और घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी है। गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा में ठंड का अलर्ट है, जबकि 15 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। ठंड और कोहरे से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)