छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा जिले के चौरई क्षेत्र के ग्राम हिवरखेड़ी में हुई हत्या के मामले को लेकर आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले में न्याय की मांग को लेकर ओबीसी महासभा छिंदवाड़ा के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के साथ आगे आए हैं। संगठन ने पुलिस अधीक्षक के नाम सीएसपी अजय राणा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


ज्ञापन सौंपने के दौरान पीड़ित परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने भावुक होकर न्याय की गुहार लगाई। परिजनों का कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक की हत्या उसकी ही पत्नी और उसके सहयोगियों द्वारा साजिश रचकर की गई है, लेकिन पुलिस की धीमी कार्रवाई से आरोपियों को संरक्षण मिलने की आशंका जताई जा रही है।


इस घटना को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में भी भारी आक्रोश व्याप्त है। ओबीसी महासभा ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। महासभा ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।