छतरपुर। छतरपुर जिले के घुवारा उपथाना क्षेत्र अंतर्गत भंगवा रोड स्थित बछेड़ी नदी के पास दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक गल्ला व्यापारी के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पिकअप वाहन को रुकवाकर व्यापारी से नकदी लूट ली और विरोध करने पर कट्टे की बट से बेरहमी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मटर बेचकर लौटते समय हुआ हमला
पीड़ित व्यापारी के अनुसार, वह उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले का निवासी है और बड़ामलहरा में मटर की बिक्री कर पिकअप वाहन से वापस घर लौट रहा था। जैसे ही उसका वाहन भंगवा रोड पर बछेड़ी नदी के समीप पहुंचा, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो नकाबपोश बदमाशों ने गाड़ी को जबरन रुकवा लिया।
सिर पर कट्टे की बट से किए कई वार
बदमाशों ने वाहन रुकते ही व्यापारी से नकदी छीन ली। जब व्यापारी ने विरोध करने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने कट्टे की बट से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में व्यापारी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की बदमाशों की तलाश
घटना के बाद पीड़ित किसी तरह उपथाना पहुंचा और पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने तुरंत घायल व्यापारी को प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।




