दमोह, राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें तीन लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पहला हादसा बटियागढ़-बक्सवाहा मार्ग स्थित गेवलारी पुलिया पर हुआ। जानकारी के अनुसार, आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर उससे जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं।
वहीं दूसरा हादसा नीमन तिराहे पर हुआ, जहां बक्सवाहा की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवारों को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक बाइक को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने ट्रक के नीचे से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है।




