नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने गैर तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियां (स्नातक) के विभिन्न 3,477 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक शॉर्ट ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर रिक्तियों की घोषणा की है। आरआरबी की ओर से जारी कुल 3,477 रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम ग्रेजुएशन की डिग्री का होना अनिवार्य है। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, लिखित परीक्षा/इंटरव्यू/दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल स्टैंडर्ड के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें सीपीसी के तहत लेवल 5 और लेवल 6 के बीच प्रतिमाह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए और एससी/एसटी/पूर्व-सैनिक/पीडब्ल्यूबीडी/महिला/ट्रांसजेंडर/अल्पसंख्यक/ईबीसी के लिए 250 रुपए तय किया गया है।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि आरआरबी की ओर से संबंधित पदों के लिए योग्यता, चयन प्रक्रिया, आयु सीमा, आदि से जुड़ी विस्तृत जानकारी का नोटिफिकेशन अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के पहले जारी किया जाएगा। हालांकि इसके लिए अभ्यर्थियों को समय-दर-समय ऑफिशियल पोर्टल को चेक करते रहने की सलाह दी जाती है।




