ट्रंप और मोदी के मुखड़े पहनकर ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन, कांग्रेस का अनोखा विरोध

Advertisement
भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन कांग्रेस विधायकों ने भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में विधानसभा परिसर में एक सांकेतिक और अनोखा प्रदर्शन किया। विधायकों ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखड़े (मास्क) पहनकर विरोध जताया और नारे लगाए।
यह प्रदर्शन मुख्य रूप से भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर था, जिसे कांग्रेस किसानों के हितों के खिलाफ बता रही है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने इस दौरान कहा कि यह ट्रेड डील अमेरिका के किसानों के हित में है, जबकि भारत के किसानों को इससे भारी नुकसान होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि डील एकतरफा है और भारतीय किसानों की अनदेखी की गई है।
उमंग सिंगार ने आगे कहा, "यही कारण है कि हम लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कल राहुल गांधी भी भोपाल पहुंचेंगे। किसानों के हित की यह लड़ाई पूरे देश में लड़ी जाएगी, जिसमें हमारे नेता शामिल होंगे।" कांग्रेस ने इस मुद्दे पर पूरे देश में किसान महापंचायतों की भी घोषणा की है, जिसकी शुरुआत भोपाल से हो रही है।
विधानसभा परिसर में हुए इस प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने नारे लगाते हुए सरकार पर किसानों को धोखा देने का आरोप लगाया। यह सत्र का छठा दिन था, जहां अनुपूरक बजट और अन्य मुद्दों पर भी गर्मागर्म बहस हुई, लेकिन ट्रेड डील विरोध ने मुख्य सुर्खियां बटोरीं। कांग्रेस का यह विरोध विपक्ष की ओर से केंद्र सरकार की नीतियों पर लगातार हमले का हिस्सा माना जा रहा है।
