मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के शुक्ला चौक अशोक टॉकीज इलाके में रविवार रात करीब 8 बजे घूरने की बात पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया, जिसमें एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, चौराहे पर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी, जो कुछ ही देर में मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई। हमले में घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक की शादी तीन माह पहले ही हुई थी।
घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति भी हमले की चपेट में आ गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक आपस में दूर के रिश्तेदार थे। लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

