उज्जैन, अशोक दायमा। चिमनगंज थाना क्षेत्र में बीती रात पुराने विवाद को सुलझाने के लिए आयोजित पार्टी के दौरान हुए खूनी संघर्ष में करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल दरबार और उनके साथी जीतू ठाकुर की हत्या कर दी गई। करीब 12 से 15 लोगों द्वारा दोनों पर हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


जानकारी के अनुसार, पवासा क्षेत्र निवासी राहुल दरबार और जीतू ठाकुर सहित कुछ लोग पुराने विवाद को खत्म करने और राजीनामा करने के उद्देश्य से एक ढाबे पर पार्टी के लिए जुटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोबारा विवाद हो गया। आरोप है कि शक्ति सिंह ने सोनू बंजारा सहित अन्य साथियों को मौके पर बुलाया और इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।


हमले में धारदार हथियारों के इस्तेमाल की बात भी सामने आ रही है। गंभीर रूप से घायल राहुल दरबार और जीतू ठाकुर की मौत हो गई। वहीं सरवन सहित एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी है।


घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे।


मृतक के भाई भूरू ठाकुर ने पुलिस को दिए बयान में सोनू बंजारा, शक्ति सिंह अटल, अर्पित अटल, अनिल बंजारा, गोलू सिकरवार, राकेश बामणिया सहित अन्य लोगों के नाम बताए हैं। हालांकि, नामजद किए गए सभी लोगों की भूमिका और घटना में उनकी संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वारदात के पीछे पुराने विवाद तथा हमले के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।