भिंड,अक्षय जोशी। भिंड जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सगा छोटा भाई ही अपने बड़े भाई का हत्यारा निकला। जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में छोटे भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से घटना में प्रयुक्त अवैध कट्टा भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 11 मार्च को 24 वर्षीय कृष्णकांत पाराशर का शव जामपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास खून से लथपथ हालत में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक असित यादव ने मामले के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम को सख्त निर्देश दिए थे और आरोपियों पर 10–10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इसके बाद देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जांच में सामने आया कि मृतक का छोटा भाई ही इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड है। जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। माता-पिता के निधन के बाद संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद और गहरा गया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी छोटे भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर कृष्णकांत पाराशर को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध कट्टा भी बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी कैंसर की बीमारी से भी पीड़ित है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। यह घटना देहात थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।



