छतरपुर ,शिवम सोनी। छतरपुर में एक महिला ने अपने पिता की संदिग्ध मौत को हत्या बताते हुए वार्ड पार्षद समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


दरअसल, छतरपुर के सौरा रोड गौतम नगर मढ़िया के पास, थाना कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली समा खातून बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय पप्पू फकीर की मौत को साजिशन हत्या बताते हुए वार्ड पार्षद गोविंद तिवारी सहित रफीक नट, नगीना नट, महेश अहिरवार, दिनेश अहिरवार और रमेश खटीक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।


पीड़िता का आरोप है कि इन लोगों के खिलाफ पहले से मारपीट और छेड़खानी के मामले दर्ज हैं, इसके बावजूद आरोपी लगातार उनके परिवार को परेशान करते रहे। महिला के अनुसार 2 अप्रैल 2025 को आरोपियों ने उसके पिता को जरीना खातून के घर बुलाया, जहां पहले उनके साथ मारपीट की गई और फिर जहरीला पदार्थ खिलाकर या इंजेक्शन लगाकर उनकी हत्या कर दी गई।


पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी रफीक नट ने शराब के नशे में इस घटना को खुद स्वीकार किया और उसे भी जान से मारने की धमकी दी। महिला ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर मुख्य आरोपी रफीक नट को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।