भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र आज आयोजित किया गया, जिसमें शामिल होने पहुंचे खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गेहूं खरीदी को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि प्रदेश में गेहूं खरीदी प्रक्रिया जारी है, हालांकि कुछ स्थानों पर सैटेलाइट सर्वे में फसल का डेटा स्पष्ट न दिखने के कारण शुरुआती दिक्कतें सामने आईं। उन्होंने कहा कि यह समस्या सीमित स्तर पर है और समग्र रूप से खरीदी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि पहले चरण में छोटे किसानों से खरीदी की गई थी, जबकि अब पूरी गति के साथ बड़े किसानों से भी खरीदी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की उपज खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खरीदी केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसानों के लिए पानी, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

