छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच अब महिला चोर गैंग का आतंक सामने आया है। शहर के गहना ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए महिला सहित तीन आरोपियों ने बड़ी चालाकी से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


जानकारी के मुताबिक आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे थे। इस दौरान महिला आरोपी ने दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य साथियों ने मौका पाकर गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का पता चलने पर दुकान संचालक ने CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें महिला सहित तीन संदिग्ध साफ नजर आ रहे हैं।


घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सक्रिय गैंग पर जल्द कार्रवाई करने और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।