मुंबई/बारामती। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार का निजी चार्टर विमान आज सुबह एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। विमान मुंबई से बारामती की ओर जा रहा था, जहां वे जिला परिषद चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले थे।
सुबह करीब 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से फिसल गया। इसके बाद विमान में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया। विमान के मलबे दूर-दूर तक बिखरे पड़े हैं और घटनास्थल से धुएं के गुबार उठते देखे जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान में अजित पवार सहित कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें 2 क्रू मेंबर, एक सुरक्षा अधिकारी और एक सहायक शामिल थे। इस हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई। डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने घटना की पुष्टि की है, जबकि बचाव कार्य जारी हैं।
अजित पवार (66) बारामती से विधायक थे और पवार परिवार का यह गढ़ माना जाता है। वे हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में जीते थे और राज्य में डिप्टी सीएम के पद पर थे। हादसे की खबर मिलते ही पवार परिवार के सदस्य, जिसमें सुप्रिया सुले, सुनेत्रा पवार और अन्य शामिल हैं, दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक तकनीकी खराबी या अन्य वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

