देवास, हेमंत गुर्जर। देवास जिले के पीपलकोटा गांव में प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद के चलते मारपीट की घटना सामने आई है। सतवास थाना क्षेत्र में हुए इस विवाद में महिला, उसके प्रेमी और प्रेमी की मां सहित तीन लोग घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति से परेशान होकर प्रेमी के साथ रहने लगी थी। जब दोनों गांव पहुंचे तो पति और उसके परिवार के सदस्य नाराज हो गए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि परिवार के लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की और तोड़फोड़ भी की।


घटना के बाद घायलों को डायल 112 की मदद से सतवास के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूत्रों के मुताबिक, पहले महिला, उसके पति और प्रेमी के बीच थाने में समझौता हुआ था कि महिला प्रेमी के साथ रहेगी और बच्चे पति के पास रहेंगे, साथ ही उन्हें गांव न आने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद गांव आने पर विवाद फिर भड़क गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।