धार। धार जिला के बाग में शुक्रवार को फिल्म स्पेशल 26 जैसी वारदात सामने आई। यहां ब्राह्मण मोहल्ले में पांच बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर एक ठेकेदार के घर में घुस गए और 50 तोला सोना, 4 लाख रुपए नकद और तीन मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद बदमाशों ने ठेकेदार और उनकी पत्नी को घर के एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया।
जांच के बहाने घर में घुसे बदमाश
पीड़ित ठेकेदार राजकुमार मालवी के मुताबिक घटना सुबह करीब 10 बजे की है। पांच लोग काले रंग की स्कॉर्पियो में आए और खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि उनके पास ब्लैक मनी होने की शिकायत मिली है और जांच करनी है। इसके बाद बदमाश घर के अंदर घुस गए और अलमारी, बिस्तर और पेटी की तलाशी लेने लगे। उन्होंने ठेकेदार की पत्नी कृष्णा मालवी से अलमारी की चाबी ली और लॉकर खोलकर करीब 50 तोला सोने के गहने, जिनमें बेटी के गहने भी शामिल थे, और 4 लाख रुपए नकद निकाल लिए।
दंपती को कमरे में किया बंद
लूटपाट के बाद बदमाशों ने ठेकेदार दंपती को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। अंदर से शोर मचाने पर पड़ोसियों को घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा और दंपती को कमरे से बाहर निकाला।
जांच के दौरान एक मोबाइल बरामद
घटना की सूचना मिलते ही सुनील गुप्ता (एसडीओपी कुक्षी), राजेश यादव और कैलाश चौहान मौके पर पहुंचे और घर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बदमाशों द्वारा ले जाए गए तीन मोबाइल में से एक मोबाइल बायपास रोड पर कचरे के ढेर में मिला है।
जल्द गिरफ्तारी का भरोसा
मयंक अवस्थी (एसपी धार) ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए साइबर टीम को बाग भेजा गया है और जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया है। पुलिस के मुताबिक जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

