सतना, अंबिका केशरी। सिटी कोतवाली क्षेत्र के पन्ना नाका क्षेत्र में देर रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिसने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। घटना के दौरान एक वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचने तक मौके पर काफी भीड़ जमा हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान कुछ लोगों ने अखंड सिंह नामक युवक को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि युवक के कपड़े तक फट गए। बताया जा रहा है कि पुलिस वाहन का हूटर बजते ही मौके पर मौजूद कुछ लोग भाग निकले, जबकि अखंड सिंह भीड़ में फंस गया और उसके साथ मारपीट होती रही। डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने किसी तरह युवक को भीड़ से बाहर निकालकर बचाया। घटना के दौरान एक चार पहिया वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। वाहन के शीशे और अन्य हिस्सों में तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद दोनों पक्ष थाना पहुंच गए, जहां एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। कुछ लोगों द्वारा चैन स्नेचिंग की बात कही जा रही थी, लेकिन पुलिस ने ऐसे किसी भी तथ्य से इनकार किया है। थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी ने बताया कि जांच में चैन स्नेचिंग जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। दोनों पक्षों की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। वहीं अखंड सिंह नामक युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।