रायगढ़ (छत्तीसगढ़) रोहित तिर्की । धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीमहुआ में जमीन विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। गांव के किसान मुकेश कुमार यादव ने दूसरे पक्ष पर उसकी बोई हुई धान की फसल ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने, सागौन के पौधों को नुकसान पहुंचाने तथा विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने धरमजयगढ़ थाना में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार किसान मुकेश कुमार यादव ने संबंधित भूमि पर इस वर्ष धान की बुआई की थी। आरोप है कि 29 जुलाई 2026 को ग्राम उदउदा निवासी गजराज सारथी ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंचा और विवादित भूमि को जोतते हुए पहले से लगी धान की पूरी फसल नष्ट कर दी। किसान का कहना है कि फसल नष्ट करने के बाद उसी खेत में आरोपी ने स्वयं धान की बुआई भी कर दी।
पीड़ित ने अपने आवेदन में यह भी बताया कि वर्ष 2024 में किसान मित्र योजना के तहत लगाए गए लगभग 500 सागौन पौधों में से करीब 80 पौधों को भी ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया गया। इससे उसे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ पर्यावरणीय क्षति भी हुई है। शिकायतकर्ता ने घटना से जुड़े फोटो और अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।
किसान का आरोप है कि जब उसने फसल और पौधों को नुकसान पहुंचाने का विरोध किया तो आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया और गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उसका परिवार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।
धरमजयगढ़ पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




