भोपाल। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रहे हैं। मध्य प्रदेश के गुना स्थित गुलाबगंज में एक जर्जर सड़क की शिकायत करने वाले ग्रामीण पर उनके भड़कने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सिंधिया चुनाव बहिष्कार की चेतावनी देने वाले एक युवक को फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स उनके रवैये की आलोचना कर रहे हैं।
गुना दौरे पर ग्रामीणों ने उठाया खराब सड़क का मुद्दा
दरअसल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हाल ही में अपने संसदीय क्षेत्र गुना के दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में कई कार्यक्रमों में शिरकत की और आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने लोगों की परेशानियों और शिकायतों से संबंधित कई आवेदन भी लिए। इसी जनसंपर्क के दौरान गुलाबगंज में कुछ ग्रामीणों ने इलाके की खराब सड़क की शिकायत करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
चुनाव बहिष्कार की चेतावनी सुनते ही भड़के सिंधिया
सड़क निर्माण को लेकर बातचीत के दौरान एक युवक ने मंत्री सिंधिया से दो टूक शब्दों में कह दिया कि अगर समय रहते सड़क नहीं बनी, तो वे आगामी चुनावों में वोट नहीं देंगे। चुनाव बहिष्कार की यह सीधे चेतावनी सुनकर ज्योतिरादित्य सिंधिया नाराज हो गए। उन्होंने तुरंत टोकते हुए युवक से कहा, "यह भाषा मेरे सामने कभी इस्तेमाल मत करना।"
'निवेदन करें, काम करना मेरी जिम्मेदारी है'
सिंधिया ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया कि ऐसी भाषा शैली में उनसे बात न की जाए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे निवेदन करें, उनका काम करना उनकी जिम्मेदारी है। इतना कहने के बाद केंद्रीय मंत्री वहां से आगे निकल गए। अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर वायरल हो गया है, जहां लोग एक जनप्रतिनिधि के तौर पर जनता के प्रति उनके इस रवैये को लेकर सवाल उठा रहे हैं।




