खजुराहो। विश्व धरोहर में शामिल पर्यटन स्थल खजुराहो आने वाले वर्षों में पर्यटकों को और लुभाएगा। साथ ही अलग अनुभव देगा। इसके आसपास के कुछ गांव आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज के रूप में विकसित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 200 एकड़ में ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट के अंतर्गत पर्यटन के ऐसे केंद्र बनाए जाएंगे जो नए व अलग अनुभव देंगे। यहां बड़े समूहों के होटल होंगे तो इंफ्रास्ट्रक्चर की सुविधाएं बहुत उन्नत स्तर की होंगी।


वास्तुकला लगभग एक जैसी होगी। इसी तरह से आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज के रूप में विकसित किए जा रहे गांवों में समरूपता की दृष्टि से प्रयास किए जाएंगे। आसपास के डैम और जल प्रपातों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। यहां बुनियादी सुविधाओं-संसाधनों का विकास किया जाएगा।


लगभग 500 करोड़ खर्च होंगे

राज्य सरकार खजुराहो को विकसित करने के ये प्रस्ताव केंद्र सरकार को वन स्टेट-वन डेस्टिनेशन योजना के अंतर्गत भेजने जा रही है। इसमें लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। साथ ही पीपीपी मॉडल को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। दूसरा, स्थानीय स्तर पर ही ट्रस्ट, प्राधिकरण या अन्य स्वरूप में एक संस्था बनेगी जो खजुराहो में पर्यटन सुविधाओं के लिए नियोजन, विकास, निगरानी और संधारण के लिए काम करेगी।


यह है योजना...

वन स्टेट-वन डेस्टिनेशन (या वन स्टेट-वन ग्लोबल डेस्टिनेशन) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक दूरदर्शी पहल है, जिसका लक्ष्य हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ कम से कम एक प्रमुख पर्यटन स्थल विकसित करना है। 2025-26 के केंद्रीय बजट के तहत, यह योजना पर्यटन अवसंरचना, कनेक्टिविटी और स्थिरता को बढ़ाकर भारत को वैश्विक मानचित्र पर लाने पर केंद्रित है।