छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ गुरुवार को छिंदवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने शहर में गैस सिलेंडर की कथित किल्लत को लेकर बड़ा बयान दिया। इमलीखेड़ा स्थित हवाई पट्टी पर मीडिया से चर्चा के दौरान कमलनाथ ने साफ कहा कि शहर में गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है, बल्कि वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण लोगों के बीच संकट जैसा माहौल बन गया है।
गुरुवार सुबह छिंदवाड़ा पहुंचने पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व सांसद नकुलनाथ भी मौजूद रहे। हवाई पट्टी पर मीडिया से बातचीत में कमलनाथ प्रशासन के समर्थन में नजर आए। उन्होंने कहा कि समस्या गैस की उपलब्धता की नहीं, बल्कि व्यवस्था के संचालन की है। वितरण प्रणाली में आई अव्यवस्था ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, जिससे कमी का माहौल बन गया है। कमलनाथ ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा मुख्य रूप से एक शोक यात्रा में शामिल होने के लिए है।
इसके बाद वे हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सिमरिया स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में आयोजित पूजन-अर्चन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। गौरतलब है कि 26 मार्च को सिमरिया के पास एक दर्दनाक बस हादसा हुआ था। हादसे का शिकार हुई बस मुख्यमंत्री मोहन यादव की सभा से लौट रही थी। इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए थे।
इस घटना के बाद पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। हालांकि अब तक जारी कार्यक्रम के अनुसार हादसे के पीड़ित परिवारों और घायलों से मुलाकात का शेड्यूल पूर्व सांसद नकुलनाथ का ही सामने आया है। ऐसे में अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या कमलनाथ भी पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगे।
कमलनाथ के इस बयान के बाद शहर में गैस संकट और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस बयान को अहम माना जा रहा है, क्योंकि एक ओर आम जनता गैस वितरण को लेकर परेशान दिखाई दे रही है, वहीं दूसरी ओर कमलनाथ ने इसे व्यवस्थागत खामी करार देकर प्रशासनिक सुधार की जरूरत पर जोर दिया है।



