भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राखी के त्योहार से पहले बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने बहनों से राखी बंधवाकर उन्हें एक-एक किलो शक्कर उपहार में दी और बढ़ते दामों पर सरकार की नीतियों को घेरा।


पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने कहा कि महंगाई पर सरकार का कोई अंकुश नहीं है। लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण आम लोग अपने त्योहार भी ठीक से नहीं मना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शक्कर के दाम बढ़कर करीब 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।


पीसी शर्मा ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने बहनों से राखी बंधवाकर उन्हें शक्कर गिफ्ट की है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही महंगाई का फायदा मिलावटखोर भी उठा रहे हैं। बाजार में मिलावटी घी, पनीर और मावा लगातार सामने आ रहा है, जिसका सीधा विपरीत असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने सरकार से महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने और खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।