इंदौर के लाहूजी नगर में गंदगी से हालात बदतर, कांग्रेस ने दी चक्काजाम की चेतावनी

Advertisement
इंदौर के लाहूजी नगर (वार्ड-15) में गंदगी और गंदे पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़कों पर नालियों का गंदा पानी बह रहा है और चारों ओर गंदगी फैली हुई है। हालात ऐसे हैं कि रहवासी इसी गंदे पानी के बीच से निकलकर पीने का पानी भरने को मजबूर हैं।कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र की स्थिति को “नर्क जैसी” बताते हुए 10 दिन में सुधार नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी दी है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि इंदौर को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने के बावजूद जमीनी हकीकत इसके उलट है। लाहूजी नगर में खुले नाले, बहता गंदा पानी और फैली गंदगी से नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस जगह से नालियों का गंदा पानी बह रहा है, वहीं से लोगों को पीने का पानी लेना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और वीडियो के जरिए हालात उजागर किए। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से तत्काल सुधार की मांग की।चिंटू चौकसे ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन में स्थिति नहीं सुधरी तो क्षेत्र के 5000 से अधिक नागरिकों के साथ कांग्रेस सड़कों पर उतरकर चक्काजाम करेगी। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया ने आरोप लगाया कि वार्ड में विकास कार्यों की लगातार अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह समस्या अब केवल एक वार्ड तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे इंदौर में फैलती जा रही है। कांग्रेस ने प्रशासन से जिम्मेदारी तय करने और ठोस कार्रवाई की मांग की है।
