भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से प्रदेश के लिए मूंग खरीदी की सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया है।


प्रदेश के कृषि मंत्री श्री एदल सिंह कंसाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री को पत्र लिखकर मध्य प्रदेश के लिए 8.06 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी का लक्ष्य स्वीकृत करने का आग्रह किया है। वर्तमान में प्रदेश को 4.54 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी की ही अनुमति प्राप्त है।


श्री कंसाना ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदना चाहती है। यदि खरीदी की सीमा नहीं बढ़ाई गई तो बड़ी संख्या में किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।


उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 3.47 लाख किसानों ने मूंग विक्रय के लिए पंजीयन कराया है, जबकि वर्तमान स्वीकृत सीमा के कारण अब तक केवल लगभग 82 हजार किसानों से ही खरीदी हो सकी है।


पत्र में कृषि मंत्री ने उल्लेख किया है कि खरीदी की सीमा बढ़ने से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा, दलहन उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा किसानों का सरकार पर विश्वास और मजबूत होगा। यदि संपूर्ण मांग स्वीकार करना संभव न हो तो कम से कम 40 प्रतिशत अतिरिक्त खरीदी की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया गया है।


श्री कंसाना ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और आगे भी करती रहेगी।


उन्होंने किसानों से शांति बनाए रखने तथा संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील करते हुए कहा कि सरकार और किसान एक-दूसरे के सहयोगी हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है।


मंत्रालय में आयोजित बैठक के दौरान किसान प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा। कृषि मंत्री श्री कंसाना ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र निर्णय लेने का भरोसा दिलाया।