पन्ना, अमित राठौर । जिले के देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र के बड़ागांव में नाबालिग किशोरी के साथ हुई जघन्य सामूहिक दुष्कर्म की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के मात्र कुछ दिनों के अंदर चारों आरोपियों को पकड़ लिया और उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत शहर के मुख्य मार्गों से जुलूस निकालकर घुमाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान ने बताया कि आरोपियों ने पीड़िता के दोस्त पर दबाव बनाकर युवती को उनके हवाले करने की मांग की। जब युवक ने विरोध किया और रो-रोकर उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके पास रखे नकद पैसे, मोबाइल फोन और चांदी की चेन भी छीन ली। इसके बावजूद उनका दिल नहीं पसीजा।
आरोपियों ने युवक और उसके साथी को बंधक बनाकर जंगल के सुनसान इलाके में ले गए। वहां दोनों को पीटकर अलग बैठा दिया गया। इसके बाद तीन आरोपियों ने नाबालिग किशोरी के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पीड़िता के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर कड़ी मशक्कत के बाद चारों आरोपियों को बड़ागांव से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
श्रीपाल पुत्र रामसनेही पाल (22 वर्ष)
राहुल पुत्र शारदा जसवाल (27 वर्ष)
शनि पाल पुत्र संतोष पाल उर्फ गुड्डा पाल (23 वर्ष)
हेतराम उर्फ हित्तू पटेल पुत्र भूरई पटेल (50 वर्ष)
सभी आरोपी बड़ागांव निवासी हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर तस्दीक के लिए ले जाया और फिर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शहर के मुख्य मार्गों से जुलूस निकाला। पुलिस का प्रयास अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करना है।
मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

