भोपाल,जीतेन्द्र यादव। इंदौर नगर निगम के बजट सम्मेलन के दौरान हुए वंदे मातरम् विवाद को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Jeetu Patwari ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा बयान दिया। उनके साथ पूर्व मंत्री Sajjan Singh Verma और शहर कांग्रेस अध्यक्ष Chintu Chouksey भी मौजूद रहे। इस दौरान पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री Mohan Yadav के बयान का जवाब दिया।


पटवारी ने कहा कि वंदे मातरम् कांग्रेस और देशवासियों की रग-रग में बसा है और इसके लिए उन्हें भाजपा से किसी प्रकार का प्रमाण पत्र लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और संविधान कांग्रेस की विचारधारा का हिस्सा रहे हैं।


प्रेस कॉन्फ्रेंस में पटवारी ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति एक भी ऐसा सरकारी कार्यालय बता दे जहां भ्रष्टाचार न हो, तो उसे 1 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा और उसका राजबाड़ा पर नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।


उन्होंने इंदौर के विकास कार्यों, बायपास सड़क, निगम के बजट और अन्य मुद्दों पर भी सवाल उठाए। पटवारी ने कहा कि नगर निगम के कई बजट बिना पर्याप्त चर्चा के पारित किए गए, जो शहर के हितों के खिलाफ है।


वहीं, वंदे मातरम् विवाद में पार्षद रूबीना खान और फौजिया अलीम के बयान पर उन्होंने कहा कि मामला पार्टी की अनुशासन समिति के पास है और इस पर उचित समय पर निर्णय लिया जाएगा। पटवारी ने यह भी कहा कि राष्ट्रगीत गाना या न गाना व्यक्ति का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक रूप से इस प्रकार के बयान देना उचित नहीं है।