बिना बड़े ऑपरेशन के इलाज पर आईएमए सागर का हाई-लेवल सेमिनार

Advertisement
सागर।,जीशान खान । सागर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर शाखा द्वारा इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी विषय पर एक उच्चस्तरीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में बिना बड़े चीरे के आधुनिक तकनीकों के माध्यम से जटिल बीमारियों के उपचार पर विस्तृत चर्चा की गई।
भोपाल से आए इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अगम्य सक्सेना एवं डॉ. श्रेया ठाकुर ने वास्तविक केस स्टडी के माध्यम से शुरुआती निदान में आने वाली चुनौतियों, सही समय पर जांच की आवश्यकता, उपलब्ध आधुनिक उपचार विकल्पों और उनके प्रभावी परिणामों की जानकारी दी।
सत्र की अध्यक्षता डॉ. रीता जैन एवं डॉ. पुण्य प्रताप सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मिथलेश चौबे उपस्थित रहे। इस अवसर पर आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन चिकित्सकों की निदान क्षमता को सशक्त बनाते हैं और मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों में 102 नए सदस्य आईएमए से जुड़े हैं।
कार्यक्रम में सागर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने सहभागिता की। मंच संचालन आईएमए सचिव डॉ. रोशी जैन द्वारा किया गया।


