सागर, जीशान खान। रक्षाबंधन पर्व को लेकर कटरा बाजार में लगाई गई अस्थाई राखी दुकानों में शनिवार दोपहर अचानक करंट फैल गया। हादसे में राखी दुकान संचालक विजय जैन उर्फ कक्का (45), निवासी बड़ा बाजार, की करंट लगने से मौत हो गई। घटना में एक बच्चा भी करंट की चपेट में आया, हालांकि उसकी हालत सुरक्षित बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कटरा बाजार में रक्षाबंधन के लिए लोहे की अस्थाई गुमटियां लगाई गई हैं। इन्हीं गुमटियों में विद्युत सप्लाई के लिए बिजली लाइन निकाली गई थी। शनिवार दोपहर लाइन में कट लगने से लोहे की गुमटियों में करंट फैल गया। सबसे पहले एक बच्चा इसकी चपेट में आया, जिसके बाद दुकान संचालक विजय जैन को भी करंट लग गया।
हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने विजय जैन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विजय जैन कटरा बाजार में अस्थाई राखी दुकानों की सातवें नंबर की दुकान संचालित कर रहे थे।
व्यापारी की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और लोग मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित व्यापारी कोतवाली थाने पहुंचे और हादसे की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अस्थाई दुकानों में विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।




