बच्चा चोरी के शक में बुजुर्ग की भीड़ द्वारा बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

Advertisement
मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर के नरसिंहपुर इलाके में एक बुजुर्ग व्यक्ति को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने क्रूरता से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि लोगों ने बुजुर्ग को रस्सी से बांधकर सड़क पर पटक दिया और लात-घूंसे बरसाए। भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल से रिकॉर्ड भी किया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को नरसिंहपुर क्षेत्र में बुजुर्ग व्यक्ति असामान्य हालत में घूमते हुए नजर आए। स्थानीय लोगों ने बिना किसी पुष्टि या सबूत के उन्हें बच्चा चोर मान लिया। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और लोगों ने बुजुर्ग पर हमला बोल दिया। उन्हें जमकर पीटा गया, हाथ-पैर बांधे गए और सड़क पर घसीटा गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस पूछताछ में बुजुर्ग व्यक्ति स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह व्यक्ति पहले भी क्षेत्र में घूमते रहते थे और अक्सर असामान्य व्यवहार करते थे। जांच में सामने आया कि बुजुर्ग मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल लोगों या स्थानीय निवासियों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पूछताछ में बच्चा चोरी या किसी अन्य अपराध से जुड़ा कोई ठोस तथ्य या सबूत नहीं मिला। शिकायत के अभाव में बुजुर्ग को छोड़ दिया गया है। साथ ही, मारपीट करने वालों के खिलाफ भी अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मंदसौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों और शक के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ हिंसा न करें। किसी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और कानून को अपने हाथ में न लें। ऐसी घटनाएं न केवल निर्दोष लोगों को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में भय और अराजकता फैलाती हैं।
