छतरपुर/बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह। नगर में गुरुवार को लगने वाले हाट बाजार के दिन यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। गंज तिराहे से बस स्टैंड तक सड़क पर जाम की स्थिति बनने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को हर सप्ताह परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।


नगर की सड़कों के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण सड़कें पहले से ही संकरी हो गई हैं। इसके अलावा गंज तिराहे के आसपास ई-रिक्शा और ऑटो चालक सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। हाट बाजार के चलते लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने से जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है।


जाम के कारण कई बार वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और राहगीरों व वाहन चालकों को घंटों मशक्कत करनी पड़ती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। प्रत्येक गुरुवार को हाट बाजार के दौरान जाम लगता है, लेकिन इसके बावजूद यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।


नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि हाट बाजार के दिन विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वाले ई-रिक्शा और ऑटो चालकों पर कार्रवाई की जाए तथा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन लगातार बनी इस समस्या को लेकर कब गंभीर कदम उठाता है और नगरवासियों को जाम से राहत मिलती है।