सतना,अंबिका केशरी। रीवा-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच से अचानक धुआं निकलने की घटना से यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब ट्रेन उचेहरा स्टेशन पर पहुंची ही थी कि गार्ड डिब्बे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। जांच पड़ताल के बाद पता चला कि ब्रेक बाइंडिंग के चलते यह स्थिति निर्मित हुई है। जानकारी के अनुसार ट्रेन के कोच क्रमांक 114674 से धुआं निकलता देख यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना रेल कर्मचारियों को दी। सूचना मिलते ही स्टेशन पर मौजूद रेल अधिकारी और तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर ही रोक दिया गया, जिससे यात्रियों में थोड़ी देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। रेल कर्मचारियों ने तुरंत जांच शुरू की और धुआं निकलने के स्रोत को नियंत्रित कर लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे कोच की जांच की, ताकि किसी प्रकार की आग या तकनीकी खराबी से बड़ा हादसा न हो सके। राहत की बात यह रही कि घटना में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में धुआं उठने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। तकनीकी टीम ने आवश्यक जांच के बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की अनुमति दी।
करीब 36 मिनट तक ऊँचेहरा स्टेशन पर खड़ी रहने के बाद ट्रेन रात 11:36 बजे अगले स्टेशन के लिए रवाना कर दी गई। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और धुआं उठने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

