अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। ग्राम ओबरा में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की जान लेने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, आरोपी पति विनय लोनी ने पत्नी आशा लोनी के साथ पहले जमकर मारपीट की और फिर पानी में जहरीली कीटनाशक दवा मिलाकर उसे जबरन पिला दिया।


घटना के बाद महिला की हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसे देखकर परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।


बताया जा रहा है कि आरोपी पति आए दिन पत्नी पर चरित्र शंका करता था और शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। इसी विवाद के चलते आज फिर झगड़ा हुआ, जो इस खौफनाक घटना में बदल गया।


परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने सोची-समझी साजिश के तहत पत्नी को जहर पिलाकर जान से मारने की कोशिश की। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।